CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार धीमी, रायपुर में उमस से बढ़ी परेशानी, कई जिलों में बारिश और बिजली का येलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दो दिन की झमाझम बारिश के बाद मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बनने का इंतजार है। हालांकि अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
कमजोर पड़ रहा है सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्से में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी सक्रिय है, लेकिन अगले 24 घंटों में इसके कमजोर होने की संभावना है। मानसून द्रोणिका भी गंगानगर, रोहतक, उत्तर प्रदेश, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर होते हुए मिजोरम तक फैली हुई है। अब प्रदेश में अच्छी बारिश के लिए बंगाल की खाड़ी में नए सिस्टम के बनने का इंतजार किया जा रहा है।
पिछले 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
प्रदेश में शुक्रवार को अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
5 सेमी बारिश: रघुनाथनगर, कुसमी, बड़ेबचेली
3 सेमी बारिश: कापू, दर्री, लैलूंगा, शंकरगढ़, कोरबा, बैकुंठपुर, प्रेमनगर, मुंगेली
2 सेमी बारिश: करतला, छिंदगढ़, बीजापुर, अर्जुन्दा, बिलाईगढ़, अकलतरा, बिलासपुर, मैनपाट, दुर्गकोंदल समेत कई क्षेत्र
1 सेमी बारिश: सूरजपुर, जांजगीर, दंतेवाड़ा, अंबिकापुर, जगदलपुर, भानुप्रतापपुर, पेंड्रा, चांपा, बारसूर सहित अनेक इलाकों में बारिश रिकॉर्ड की गई।
अगले दो दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
इन जिलों के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।





