छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात: 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को NMC की मंजूरी, अब 250 नई MBBS सीटों पर होगी पढ़ाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने राज्य के 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को मान्यता दे दी है। मंजूरी मिलने के बाद कवर्धा, जांजगीर-चांपा, मनेंद्रगढ़, दंतेवाड़ा और कुनकुरी में मेडिकल कॉलेजों का संचालन शुरू हो सकेगा। सभी कॉलेजों में 50-50 MBBS सीटों के साथ पढ़ाई की अनुमति दी गई है। यानी प्रदेश में कुल 250 नई मेडिकल सीटें जुड़ेंगी।
10 दिन पहले खारिज हुआ था आवेदन
गौरतलब है कि करीब 10 दिन पहले NMC ने इन सभी मेडिकल कॉलेजों के मान्यता आवेदन खारिज कर दिए थे। आयोग ने निरीक्षण के दौरान इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी, डॉक्टरों और नियमित फैकल्टी की भारी कमी तथा आवश्यक संसाधनों के अभाव को आधार बनाते हुए आवेदन अस्वीकार कर दिए थे।
CM विष्णुदेव साय के प्रयास लाए रंग
आवेदन खारिज होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात की और राज्य का पक्ष मजबूती से रखा। इसके साथ ही राज्य सरकार ने नए मेडिकल कॉलेजों में डीन की नियुक्ति सहित आवश्यक व्यवस्थाएं तेजी से पूरी कीं।
इन प्रयासों के बाद NMC ने सभी पांच मेडिकल कॉलेजों को मान्यता प्रदान कर दी। आयोग की ओर से संबंधित मेडिकल कॉलेजों के डीन को मंजूरी संबंधी पत्र भी जारी कर दिए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने की पुष्टि
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी अग्रवाल ने मेडिकल कॉलेजों को मिली मान्यता की पुष्टि करते हुए कहा कि यह पहली बार है जब छत्तीसगढ़ के पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों को एक साथ NMC की मंजूरी मिली है। उन्होंने इसे राज्य के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मिलेगा बड़ा लाभ
पांच नए मेडिकल कॉलेजों के शुरू होने से न केवल प्रदेश में मेडिकल शिक्षा का विस्तार होगा, बल्कि डॉक्टरों की संख्या बढ़ने के साथ दूर-दराज़ के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। इससे स्थानीय छात्रों को अपने ही जिले के आसपास मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।





