#प्रदेश #राष्ट्रीय

मणिपुर में असम राइफल्स कैंप पर हिंसक भीड़ का हमला, तीन वाहन फूंके, पथराव और तोड़फोड़

Advertisement Carousel

० तलाशी अभियान के कुछ घंटे बाद भड़की हिंसा, सुरक्षा बलों ने पुलिस और CRPF की मदद से संभाला मोर्चा

इंफाल/सेनापति। मणिपुर के सेनापति जिले में मंगलवार रात असम राइफल्स के एक कैंप पर हिंसक भीड़ ने हमला कर दिया। भीड़ ने कैंप पर पथराव किया, तोड़फोड़ की और सुरक्षा बलों के तीन वाहनों में आग लगा दी। हालात बिगड़ने पर असम राइफल्स, मणिपुर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने संयुक्त कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित किया।

खुफिया सूचना के बाद चला था तलाशी अभियान

रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (PRO) के अनुसार, असम राइफल्स को विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिली थी कि सेनापति जिले के माकुइलोंगदी क्षेत्र में हथियारबंद उग्रवादी मौजूद हैं। यह इलाका एनएससीएन (आईएम) के ओकलोंग स्थित निर्धारित कैंप से करीब दो किलोमीटर पश्चिम में है। इसी सूचना के आधार पर इलाके में गश्त और तलाशी अभियान चलाया गया।

संघर्षविराम नियमों के उल्लंघन की सूचना

अधिकारियों के मुताबिक, खुफिया रिपोर्ट और सोशल मीडिया पोस्ट में कुछ हथियारबंद उग्रवादियों के निर्धारित कैंपों से बाहर हथियार और वर्दी के साथ घूमने की जानकारी मिली थी। इसे संघर्षविराम (सीजफायर) समझौते के नियमों का उल्लंघन मानते हुए सीजफायर मॉनिटरिंग ग्रुप (CFMG) को भी औपचारिक रूप से सूचित किया गया था।

ग्रामीणों ने रोका अभियान

तलाशी अभियान के दौरान जब असम राइफल्स की टीम माकुइलोंगदी और ओकलोंग गांव की ओर बढ़ रही थी, तब बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, ने जवानों का रास्ता रोकने की कोशिश की। इससे इलाके में तनाव बढ़ गया।

रात में कैंप पर हमला

अधिकारियों के अनुसार, रात करीब नौ बजे सूचना मिली कि सेनापति शहर में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होकर असम राइफल्स कैंप की ओर बढ़ रहे हैं। इसके बाद सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान समाप्त कर वापसी की, लेकिन रात करीब 9:30 बजे भीड़ कैंप तक पहुंच गई और पथराव शुरू कर दिया। हमलावरों ने कैंप की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और आगजनी की।

तीन वाहन फूंके, नागरिक की कार भी जली

हिंसा के दौरान असम राइफल्स का एक हल्का वाहन आग के हवाले कर दिया गया, जबकि दो ट्रकों को पलटकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। आगजनी में एक नागरिक की कार भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस और CRPF ने संभाला हालात

स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए असम राइफल्स ने मणिपुर पुलिस के साथ मिलकर न्यूनतम बल का प्रयोग किया। बाद में सेनापति पुलिस और सीआरपीएफ की अतिरिक्त टुकड़ियां मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद हालात पर काबू पाया गया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।