CG में रफ्तार का कहर: कोयले से भरे ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को रौंदा, पिता-पुत्र की मौत, मां गंभीर

० गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के राय पेट्रोल पंप के पास दर्दनाक हादसा, ग्रामीणों ने भाग रहे ट्रेलर चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और बेटे की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। पेंड्रा नगर के मुख्य मार्ग स्थित राय पेट्रोल पंप के पास कोयले से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कुड़कई गांव निवासी तेरस भरिया (35) अपनी पत्नी और 14 वर्षीय बेटे राजू भरिया के साथ स्कूटी से पेंड्रा आ रहे थे। इसी दौरान राय पेट्रोल पंप के पास सामने से एक भारी वाहन आ रहा था। तभी कोयले से लदे तेज रफ्तार ट्रेलर ने ओवरटेक करने की कोशिश की और अनियंत्रित होकर स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया।
पिता-पुत्र ने मौके पर तोड़ा दम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तेरस भरिया और उनके पुत्र राजू भरिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
ग्रामीणों ने भाग रहे चालक को दबोचा
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सजग ग्रामीणों ने सरस्वती शिशु मंदिर के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने जल्द ही सामान्य कराया।
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।





