CG में दर्दनाक हादसा: टैंकर ने स्कूटी को मारी टक्कर, सगे भाई-बहन की मौत, एक नाबालिग गंभीर

० कोरबा के पोड़ी बस स्टैंड के पास हादसा, तीनों बच्चे एक ही परिवार के; आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे किया जाम
कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो मासूमों की जान ले ली। बांगो थाना क्षेत्र के पोड़ी बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में सगे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय स्कूटी नाबालिग चला रहे थे।
सामान लेने निकले थे तीनों बच्चे
जानकारी के मुताबिक, कोनकोना बस्ती के गोस्वामी पारा निवासी 13 वर्षीय बूटी गोस्वामी, 12 वर्षीय दशरथ गोस्वामी और उनका एक अन्य नाबालिग रिश्तेदार विक्की स्कूटी से पोड़ी बस स्टैंड सामान लेने पहुंचे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बूटी और दशरथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विक्की को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने बांगो-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
25-25 हजार की सहायता के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
सूचना मिलने पर बांगो पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा की। तहसीलदार ने मृतक बच्चों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और पुलिस ने हाईवे पर यातायात बहाल कराया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।





