#प्रदेश

नोएडा में भीषण आग का तांडव: इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी फटने से लगी आग, दो की मौत, 50 परिवारों में मची अफरा-तफरी

Advertisement Carousel

० ममूरा गांव की इमारत में हादसा, कई वाहन जलकर खाक; सीएम योगी ने दिए राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में बुधवार को एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। फेज-3 थाना क्षेत्र के ममूरा गांव स्थित इमारत में लगी आग की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में हुए धमाके को माना जा रहा है।

बैटरी में धमाके के बाद भड़की आग

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इमारत में खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में अचानक विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते लपटों ने आसपास खड़े कई वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

इमारत में फंसे थे 50 परिवार

घटना के समय इमारत में करीब 50 परिवार मौजूद थे। धुएं और आग की लपटों से पूरे भवन में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

दमकल कर्मियों ने कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान और अन्य नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

कई दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

सीएम योगी ने लिया संज्ञान

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ प्रशासन को राहत कार्यों की लगातार निगरानी करने और हर स्तर पर सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए।