#प्रदेश

राज्यपाल ने किया नए विधानसभा प्रेक्षागृह का लोकार्पण, उत्कृष्ट विधायक और संसदीय पत्रकार सम्मानित

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नवीन परिसर में बुधवार को लगभग 500 सीटों की क्षमता वाले नए प्रेक्षागृह का लोकार्पण राज्यपाल रमेन डेका ने किया। इसके बाद आयोजित ‘उत्कृष्टता अलंकरण समारोह’ में वर्ष 2025 के उत्कृष्ट विधायक और उत्कृष्ट संसदीय पत्रकारों को शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने की। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, मंत्री, विधायक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। समारोह के बाद प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा की भजन संध्या का आयोजन भी किया गया।

ये बने उत्कृष्ट विधायक और संसदीय पत्रकार

वर्ष 2025 के लिए सत्तापक्ष से धरमलाल कौशिक और विपक्ष से राघवेंद्र सिंह को उत्कृष्ट विधायक सम्मान प्रदान किया गया।

वहीं दैनिक पत्रिका के संतराम साहू को प्रिंट मीडिया में उत्कृष्ट संसदीय पत्रकार सम्मान मिला। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया श्रेणी में IBC24 के सौरभ सिंह परिहार और डॉ. राजेश राज को संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया।

राज्यपाल बोले- विधानसभा लोकतंत्र का सबसे पवित्र मंच

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि विधानसभा राज्य की सबसे बड़ी जनप्रतिनिधि संस्था है, जहां से विकास की दिशा तय होती है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट विधायक और संसदीय पत्रकारों का सम्मान लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने छत्तीसगढ़ विधानसभा की संसदीय परंपराओं की सराहना करते हुए कहा कि अन्य विधानमंडलों को भी इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।

डॉ. रमन सिंह बोले- संसदीय मूल्यों को मजबूत करना उद्देश्य

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रदेश के सभी 90 विधायक जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं और उत्कृष्टता अलंकरण का उद्देश्य संसदीय मूल्यों को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा ने अपने गठन के बाद से ही उत्कृष्ट संसदीय परंपराएं स्थापित की हैं और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सम्मानित विधायकों और पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी जिम्मेदारियों को और बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि सम्मानित विधायकों ने सदन में जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया, जबकि सम्मानित पत्रकारों ने संसदीय कार्यवाही की निष्पक्ष और उत्कृष्ट रिपोर्टिंग कर लोकतंत्र को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।