PM मोदी कल करेंगे सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, छत्तीसगढ़ को मिलेगी आधुनिक रेल सुविधाओं की सौगात

रायपुर। छत्तीसगढ़ को आधुनिक रेल अधोसंरचना की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वर्चुअल माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे प्रदेश के विकास का नया अध्याय बताते हुए कहा कि रेलवे के आधुनिकीकरण से विकास, व्यापार और पर्यटन को नई रफ्तार मिलेगी।
डीआरएम ने मुख्यमंत्री को दिया निमंत्रण
राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में रायपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानंद ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से उद्घाटन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण पत्र सौंपा।
बैठक में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक यात्री सुविधाओं, अधोसंरचना उन्नयन और नए स्वरूप को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
रेलवे बन रहा विकास की नई धुरी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दूरदर्शी पहल है। इससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ प्रदेश के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे आज अभूतपूर्व बदलाव के दौर से गुजर रही है। देशभर के रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जो विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देगा।
रोजगार, व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि विकास, व्यापार, पर्यटन और जनसुविधाओं की जीवनरेखा है। रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों के उन्नयन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
डबल इंजन सरकार के प्रयासों का मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आधुनिक रेल नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है। बेहतर रेल संपर्क से प्रदेश में निवेश, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं आम लोगों की यात्रा अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सहज बनेगी।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वर्चुअल माध्यम से देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित और नवीनीकृत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इस योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-अनुकूल बनाकर देश की परिवहन व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।





