महादेव बेटिंग ऐप केस: ED ने टीवी होस्ट शेफाली बग्गा से रायपुर में की पूछताछ, हवाला नेटवर्क से जुड़े तार खंगाल रही एजेंसी

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले की जांच में जुटी प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने चर्चित टीवी होस्ट और स्पोर्ट्स एंकर शेफाली बग्गा से रायपुर स्थित अपने जोनल कार्यालय में पूछताछ की। जांच एजेंसी को संदेह है कि उनके तार इस मामले के प्रमुख आरोपी खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से जुड़े हो सकते हैं।
हवाला नेटवर्क की जांच में नया एंगल
ईडी के अनुसार, खंजन जगदीश कुमार ठक्कर महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क का प्रमुख हवाला ऑपरेटर है। एजेंसी का दावा है कि वह भारत में महादेव बेटिंग नेटवर्क से जुड़े हवाला लेन-देन और वित्तीय नेटवर्क का संचालन करता था।
बेटिंग ऐप के प्रचार का आरोप
जांच एजेंसी को संदेह है कि शेफाली बग्गा दुबई और लंदन जैसे विदेशी शहरों से संचालित ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स के प्रचार-प्रसार से जुड़ी रही हैं।
ईडी के मुताबिक जांच के दौरान मिले डिजिटल साक्ष्यों और प्रमोशनल सामग्री में शेफाली बग्गा कथित तौर पर न सिर्फ बेटिंग ऐप का प्रचार करती दिखाई दीं, बल्कि खिलाड़ियों को बेटिंग से जुड़े टिप्स भी देती थीं।
टेलीग्राम चैनल भी जांच के दायरे में
ईडी का यह भी दावा है कि शेफाली बग्गा एक टेलीग्राम चैनल संचालित करती हैं, जहां कथित तौर पर अवैध ऑनलाइन बेटिंग से जुड़े प्रमोशन और टिप्स साझा किए जाते थे। एजेंसी इस चैनल की गतिविधियों और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।
जांच जारी
फिलहाल ईडी मामले में पूछताछ और जुटाए गए डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। एजेंसी का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




