#प्रदेश

राजनांदगांव-नागपुर हाईवे पर भीषण हादसा, ट्रेलर ने खड़ी पिकअप को मारी टक्कर; एक की मौत, 8 घायल

Advertisement Carousel

० डोंगरगढ़ से दर्शन कर लौट रहा था परिवार, खराब पिकअप की मरम्मत के दौरान हुआ हादसा; ट्रेलर चालक गिरफ्तार

राजनांदगांव। राजनांदगांव-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा लालबाग थाना क्षेत्र के भानपुरी नदी के पास उस समय हुआ, जब सड़क किनारे खराब खड़ी पिकअप को पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, दुर्ग निवासी एक परिवार डोंगरगढ़ में दर्शन करने के बाद पिकअप वाहन से वापस लौट रहा था। रास्ते में भानपुरी नदी के समीप वाहन अचानक खराब हो गया। पिकअप को सड़क किनारे खड़ा कर उसमें सवार लोग उसकी मरम्मत में जुटे थे। इसी दौरान नागपुर की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने अनियंत्रित होकर पीछे से पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि पिकअप के आसपास मौजूद लोग दूर जा गिरे। दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही लालबाग थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल, पेंड्री में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने हादसे के बाद ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।