PM आवास के बाहर राहुल गांधी का हाई-वोल्टेज प्रदर्शन, हिरासत से पहले सड़क पर लेटकर जताया विरोध

० छात्रों के मुद्दे पर कांग्रेस का मार्च, पुलिस ने राहुल समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया; प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार पर साधा निशाना
नई दिल्ली। छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन मंगलवार को उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब पुलिस कार्रवाई के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सड़क पर लेट गए और हिरासत का विरोध करने लगे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि “देश में लोकतंत्र खत्म हो गया है।” बाद में दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं और सांसदों को हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस नेताओं ने राजाजी मार्ग से प्रधानमंत्री आवास तक पैदल मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे। प्रदर्शन की जानकारी राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी साझा की थी।
सरकार से जवाब की मांग
कांग्रेस का आरोप है कि छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है। पार्टी ने कहा कि सरकार को पूरे मामले पर जवाब देना होगा और छात्रों के साथ हुए व्यवहार पर संसद में चर्चा करानी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।
जितेंद्र सिंह ने साधा निशाना
इस बीच केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि पहले कांग्रेस ने केवल संसद में चर्चा की मांग रखी थी और सरकार की सहमति मिलने के बाद शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की नई शर्त जोड़ दी। वहीं कांग्रेस का कहना है कि वह शुरुआत से ही संसद में चर्चा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, दोनों की मांग कर रही है।
राहुल गांधी की हिरासत से पहले सड़क पर लेटकर विरोध करने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे यह प्रदर्शन राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है।





