दिल्ली में राहुल-भूपेश की हिरासत पर रायपुर में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, लोकभवन घेराव की कोशिश

० अंबेडकर चौक से निकला मार्च, पुलिस ने रोका; धक्का-मुक्की के बाद कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठे
रायपुर। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के निकट कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर कार्यकर्ता अंबेडकर चौक पर जुटे और लोकभवन घेराव के लिए मार्च निकाला।
लोकभवन की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रास्ते में ही बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। आगे बढ़ने से रोके जाने पर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
दिल्ली में हिरासत के बाद गरमाई राजनीति
दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रधानमंत्री आवास के समीप धरने पर बैठे थे। विरोध दर्ज कराने के लिए राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई नेताओं ने अपने हाथ नायलॉन की रस्सियों से बांध लिए थे। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। कांग्रेस सांसदों को भी धरनास्थल से हटाया गया।
भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
हिरासत में लिए जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि पुलिस उन्हें वरिष्ठ नेताओं के साथ बस में बैठाकर एयरपोर्ट की ओर ले जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान उनका एक जूता भी पुलिस ने ले लिया।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और एफआईआर वापस लेने की मांग
रायपुर में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, छात्रों पर दर्ज सभी एफआईआर वापस लेने और कथित कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
राहुल गांधी ने रखी यह शर्त
धरने के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि यदि केंद्र सरकार संसद में नीट परीक्षा और उससे जुड़े पूरे मामले पर चर्चा कराने तथा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर आश्वासन देती है, तो कांग्रेस अपना धरना तत्काल समाप्त कर देगी।
प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन
दिल्ली में कांग्रेस नेताओं की हिरासत के विरोध में रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किए। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।





