#प्रदेश

पत्रकारिता विश्वविद्यालय पहुंचे NHRC के विशेष पर्यवेक्षक, मानवाधिकार शिक्षा और पत्रकारों के हित में दिए अहम सुझाव

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के मानवाधिकार शिक्षा एवं लैंगिक समानता के विशेष पर्यवेक्षक प्रो. कन्हैया त्रिपाठी ने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (KTU), रायपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल से मुलाकात कर मानवाधिकार शिक्षा, पत्रकारों के कल्याण और पत्रकारिता में संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

विश्वविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में प्रो. त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है, इसलिए इसे मानवाधिकार, सामाजिक न्याय, लैंगिक समानता और जनहित के प्रति अधिक संवेदनशील और जवाबदेह होना चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय में मानवाधिकार एवं पत्रकारिता विषय पर नया पाठ्यक्रम, मानवाधिकार प्रकोष्ठ, ह्यूमन राइट्स क्लब और जनसंचार एवं मानवाधिकार पर द्विभाषी शोध पत्रिका शुरू करने का प्रस्ताव रखा।

दौरे के दौरान प्रो. त्रिपाठी ने विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, पुस्तकालय, टीवी स्टूडियो और सामुदायिक रेडियो रेडियो संवाद 90.8 FM का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुस्तकालय के आधुनिकीकरण, डिजिटल लाइब्रेरी विकसित करने और छात्रों के लिए मानवाधिकार जागरूकता व शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

उन्होंने विश्वविद्यालय में लैंगिक समानता और संवेदनशीलता को बढ़ावा देने के लिए नियमित प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रम तथा विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए निःशुल्क चिकित्सकीय एवं मनोवैज्ञानिक परामर्श की व्यवस्था करने की भी अनुशंसा की।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा ने प्रो. त्रिपाठी के सुझावों पर सकारात्मक पहल और शासन स्तर पर आवश्यक समन्वय का भरोसा दिलाया।