#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में UCC लागू करने की तैयारी, शीतकालीन सत्र में आएगा समान नागरिक संहिता विधेयक: CM साय

Advertisement Carousel

 

० ‘इमर्जिंग छत्तीसगढ़’ सम्मेलन में मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान, बोले- सभी नागरिकों के लिए समान कानून लागू करने की दिशा में तेजी से काम जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा संकेत दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घोषणा की कि आगामी विधानसभा के शीतकालीन सत्र में यूसीसी विधेयक पेश किया जाएगा। इसके लिए कानूनी और प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

रायपुर में आयोजित ‘इमर्जिंग छत्तीसगढ़’ सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने के अपने संकल्प पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि विधेयक का मसौदा तैयार किया जा रहा है और सभी कानूनी पहलुओं का अध्ययन किया जा रहा है, ताकि इसे शीतकालीन सत्र में विधानसभा के पटल पर रखा जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूसीसी का उद्देश्य सभी नागरिकों के लिए समान कानून सुनिश्चित करना है। इसके लागू होने के बाद विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और गोद लेने जैसे नागरिक मामलों में एक समान कानूनी व्यवस्था लागू होगी। उनके अनुसार इससे सामाजिक समानता, न्याय और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।

सरकार के इस ऐलान के बाद प्रदेश में यूसीसी को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। माना जा रहा है कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र में यह विधेयक सरकार के प्रमुख एजेंडों में शामिल रहेगा। यदि विधेयक पारित होता है, तो छत्तीसगढ़ समान नागरिक संहिता लागू करने वाले राज्यों में शामिल हो जाएगा।