#प्रदेश

7 घंटे की जटिल सर्जरी ने बदली युवक की जिंदगी, सिम्स के डॉक्टरों ने बचपन से बंद जबड़ा खोला

Advertisement Carousel

० 24 वर्षीय मुकेश निषाद को मिली बड़ी राहत, आयुष्मान योजना के तहत हुआ मुफ्त इलाज

बिलासपुर। मुंगेली जिले के 24 वर्षीय मुकेश निषाद, जो बचपन से मुंह नहीं खोल पाने की गंभीर समस्या से जूझ रहे थे, उन्हें सिम्स अस्पताल के डॉक्टरों ने सफल सर्जरी के जरिए नई जिंदगी दी है। करीब सात घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन के बाद अब उनका मुंह धीरे-धीरे खुलने लगा है और वे सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं।

डॉक्टरों के मुताबिक बचपन में लगी चोट के कारण मुकेश के जबड़े का जोड़ (TMJ) पूरी तरह जाम हो गया था। इसके चलते उनका निचला जबड़ा सामान्य रूप से विकसित नहीं हो पाया और वे वर्षों तक केवल तरल आहार पर ही निर्भर रहे। आर्थिक तंगी के कारण निजी अस्पतालों में इलाज संभव नहीं हो सका, जिसके बाद सिम्स में आयुष्मान भारत योजना के तहत उनका निःशुल्क उपचार किया गया।

सभी आवश्यक जांच के बाद 4 जून 2026 को विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने करीब सात घंटे तक जटिल सर्जरी की। आधुनिक तकनीक की मदद से जबड़े की संरचना को सामान्य स्थिति में लाने की प्रक्रिया शुरू की गई। ऑपरेशन के एक सप्ताह बाद ही सकारात्मक परिणाम दिखाई देने लगे और अब मरीज का मुंह पहले की तुलना में खुलने लगा है।

डॉक्टरों का कहना है कि अगले तीन से चार महीनों में जबड़ा और अधिक सामान्य हो जाएगा, जिससे मुकेश सामान्य तरीके से भोजन कर सकेंगे और उनका जीवन पहले से काफी बेहतर हो जाएगा।

सिम्स के दंत चिकित्सा विभाग की टीम द्वारा की गई इस सफल सर्जरी को अस्पताल प्रबंधन ने बड़ी उपलब्धि बताया है। अस्पताल प्रशासन ने पूरी मेडिकल टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह ऑपरेशन आधुनिक चिकित्सा तकनीक और विशेषज्ञों के समन्वित प्रयास का उत्कृष्ट उदाहरण है।