जिंदल स्टील में बड़े स्तर पर नेतृत्व परिवर्तन, विद्या रतन शर्मा फिर बने प्रबंध निदेशक

० बोर्ड ने MD समेत CFO, COO और HR प्रमुख की नियुक्ति को दी मंजूरी, कंपनी ने नई नेतृत्व टीम का किया ऐलान
नई दिल्ली। उद्योगपति नवीन जिंदल की अगुवाई वाली जिंदल स्टील लिमिटेड ने शीर्ष प्रबंधन में बड़े बदलाव करते हुए कई अहम नियुक्तियों की घोषणा की है। निदेशक मंडल की बैठक में विद्या रतन शर्मा को दो वर्ष के कार्यकाल के लिए अतिरिक्त निदेशक एवं प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त करने को मंजूरी दी गई है। उनकी नियुक्ति 24 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी।
विद्या रतन शर्मा इससे पहले वर्ष 2019 से 2022 तक प्रबंध निदेशक तथा 2010 से 2014 तक डिप्टी एमडी एवं सीईओ के रूप में कंपनी का नेतृत्व कर चुके हैं। कंपनी ने उन्हें विकास के अगले चरण का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
वरिष्ठ प्रबंधन में ये प्रमुख नियुक्तियां
संदीप मोदी को मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) और प्रमुख प्रबंधकीय कार्मिक नियुक्त किया गया। उनके पास दो दशक से अधिक का वित्तीय नेतृत्व अनुभव है और वे पहले हिंदुस्तान जिंक, भारत एल्युमिनियम कंपनी (BALCO) तथा तलवंडी साबो पावर में CFO रह चुके हैं।
राजीव कुमार को मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) बनाया गया है। स्टील उद्योग में 35 वर्ष से अधिक का अनुभव रखने वाले राजीव कुमार वेदांता एल्युमिनियम के CEO और टाटा स्टील (कलिंगनगर) में वीपी ऑपरेशंस रह चुके हैं।
सुखजीत एस. पसरीचा को मानव संसाधन प्रमुख (Head-HR) नियुक्त किया गया है। उनके पास इंडिगो, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस और एयरटेल जैसी कंपनियों में करीब 30 वर्षों का एचआर अनुभव है।
ऑडिटर नियुक्ति की भी सिफारिश
कंपनी के बोर्ड ने एस.एस. कोठारी मेहता एंड कंपनी LLP को आगामी 47वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) से लेकर 52वीं AGM तक पांच वर्ष के लिए वैधानिक लेखा परीक्षक (Statutory Auditor) नियुक्त करने की सिफारिश भी की है। यह नियुक्ति शेयरधारकों की मंजूरी के बाद प्रभावी होगी।
कंपनी का कहना है कि नई नेतृत्व टीम के जरिए जिंदल स्टील अपने विस्तार, परिचालन क्षमता और दीर्घकालिक विकास रणनीति को और मजबूत करेगी।



