कांकेर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 11 जिंदा कछुओं के साथ तस्कर गिरफ्तार

० पखांजूर के बाजार में हो रही थी अवैध बिक्री, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
कांकेर। जिले के पखांजूर क्षेत्र में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 जिंदा कछुओं के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उड़नदस्ता दल ने गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम पीवी-124 के बाजार में छापेमारी कर आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया।
वन विभाग के अनुसार, सूचना मिली थी कि बाजार में वन्यजीवों की अवैध खरीद-बिक्री की जा रही है। इसके बाद टीम ने मौके पर घेराबंदी कर ग्राम पीवी-117 निवासी दीपांकर राय को कछुओं की बिक्री करते हुए पकड़ लिया।
11 जिंदा कछुए बरामद
कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 11 जिंदा कछुए बरामद किए गए। जब्त किए गए कछुओं का कुल वजन करीब 7 किलो 10 ग्राम बताया गया है।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में यह भी पता लगाया जा रहा है कि कछुए कहां से लाए गए थे और इन्हें किसे बेचा जाना था।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वन विभाग का कहना है कि क्षेत्र में वन्यजीवों की अवैध तस्करी रोकने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।




