#प्रदेश

बालोद में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध कृषि सामग्री से भरा गोदाम सील

Advertisement Carousel

 

० बीजाभाठा में छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में जैव उत्प्रेरक, कच्चा माल और पैकिंग मशीनें जब्त, नमूने जांच के लिए भेजे गए

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में कृषि विभाग ने अवैध कृषि आदान सामग्री के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम बीजाभाठा स्थित एक गोदाम को सील कर दिया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में कृषि सामग्री, जैव उत्प्रेरक, पैकिंग मशीनें और अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं। मामले की जांच जारी है।

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर कृषि विभाग की जिला एवं ब्लॉक स्तरीय टीम ने मारूति एग्रो बायोटेक के गोदाम में दबिश दी। निरीक्षण के दौरान गोदाम में अवैध रूप से कृषि आदान सामग्री का भंडारण और पैकेजिंग किए जाने का मामला सामने आया।

गोदाम सील, नमूने जांच के लिए भेजे गए

कार्रवाई के दौरान गोदाम को तत्काल सील कर दिया गया। जब्त कृषि सामग्री के नमूनों को गुणवत्ता और वैधता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

छापेमारी में क्या-क्या मिला?

कृषि विभाग की टीम ने गोदाम से बड़ी मात्रा में सामग्री और उपकरण जब्त किए, जिनमें शामिल हैं—

10 किलोग्राम पैकिंग बाल्टियां
महासार जैव उत्प्रेरक (500 मि.ली.) के 2,880 पैक
‘भू लक्ष्मी’ जैव उत्पाद
वीएजीएमआई प्रोम की 8 किलोग्राम पैकिंग
40 किलोग्राम पैकिंग की 5,129 बोरियां
8 किलोग्राम पैकिंग की 153 खुली बोरियां
50 किलोग्राम पैकिंग की 1,880 बोरियां कच्चा कृषि सामग्री
7 पैकिंग मशीनें
11 इलेक्ट्रॉनिक तोलक (वजन मशीन)
3 बोरी सिलाई मशीनें

कृषि विभाग ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।