चलो संसद मार्च हिंसा: उपद्रवियों पर दिल्ली पुलिस का शिकंजा, पासपोर्ट रद्द कराने की तैयारी

० बैरिकेड तोड़ने और हिंसा में शामिल प्रदर्शनकारियों की हो रही पहचान, कानूनी कार्रवाई के साथ यात्रा दस्तावेज निरस्त करने की सिफारिश होगी
नई दिल्ली। जंतर-मंतर से निकले ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान हुई हिंसा के बाद दिल्ली पुलिस अब उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है। पुलिस हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने के साथ-साथ उनके पासपोर्ट रद्द कराने की प्रक्रिया भी शुरू करेगी।
हिंसा में शामिल लोगों की हो रही पहचान
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, संसद भवन के आसपास बैरिकेड्स तोड़ने और हिंसा फैलाने वाले लोगों की पहचान सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। सभी चिन्हित आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैरिकेड तोड़ने की कोशिश, लाठीचार्ज और आंसू गैस
पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर बढ़ते हुए सुरक्षा बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद हालात नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए और लाठीचार्ज किया गया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल हुए।
पासपोर्ट रद्द कराने की होगी सिफारिश
सूत्रों के अनुसार, हिंसा में शामिल पाए जाने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों के अलावा उनके पासपोर्ट रद्द कराने के लिए संबंधित प्राधिकरण को सिफारिश भी भेजी जाएगी। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीजेपी संस्थापक को लिया गया था हिरासत में
मार्च के दौरान सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके को पुलिस ने हिरासत में लिया था। हालांकि पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। मामले की जांच जारी है।




