#प्रदेश

सुशासन में AI की ताकत बढ़ाने की पहल, IIIT नया रायपुर में दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

Advertisement Carousel

० RAMP योजना के तहत अधिकारियों को AI, डेटा एनालिटिक्स और डिजिटल गवर्नेंस के आधुनिक उपकरणों का दिया गया प्रशिक्षण

नया रायपुर। छत्तीसगढ़ में सुशासन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए IIIT नया रायपुर में रैम्प (RAMP) योजना के तहत दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग से परिचित कराना और कार्यालयीन कार्यों की कार्यकुशलता बढ़ाना रहा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 23 और 24 जुलाई को उद्योग संचालनालय एवं सीएसआईडीसी, रायपुर की पहल पर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ IIIT नया रायपुर के डीन डॉ. श्रीनिवास के. जी. ने किया। उन्होंने कहा कि AI प्रशासनिक कार्यों को अधिक दक्ष, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मुख्य विशेषज्ञ प्रोफेसर लोकेन्द्र सिरिया ने प्रतिभागियों को एआई के माध्यम से पत्र, नोटशीट, डीओ लेटर, कार्यालयीन आदेश, रिपोर्ट तैयार करने, दस्तावेजों का सार-संक्षेप, हिंदी-अंग्रेजी अनुवाद, OCR तकनीक, PDF प्रबंधन और प्रभावी प्रेजेंटेशन तैयार करने का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। साथ ही Google Drive, Docs और Sheets के सहयोगात्मक उपयोग की जानकारी भी दी गई।

दूसरे दिन Power BI, Excel आधारित डैशबोर्ड निर्माण, डेटा विश्लेषण, वर्कफ्लो ऑटोमेशन, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, Responsible AI और डेटा गोपनीयता जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तृत प्रशिक्षण दिया। अधिकारियों को बताया गया कि AI आधारित तकनीकें दस्तावेज प्रबंधन, रिपोर्ट तैयार करने, नागरिक फीडबैक विश्लेषण और निर्णय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बना सकती हैं।

प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्रों के प्रतिनिधि और परियोजना से जुड़े अधिकारी शामिल हुए। समापन अवसर पर उद्योग संचालनालय के अपर संचालक शिव कुमार राठौर ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए और कहा कि AI आधारित डिजिटल कौशल प्रभावी एवं उत्तरदायी सुशासन की दिशा में समय की आवश्यकता हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।