REC ने ₹4.25 प्रति शेयर पहला अंतरिम लाभांश घोषित किया, तिमाही मुनाफे में 23% की बढ़ोतरी

० Q1 FY27 में ₹4,149 करोड़ रहा शुद्ध लाभ, 5.90 लाख करोड़ के ऋण पोर्टफोलियो के साथ कंपनी ने बनाए रखा मजबूत प्रदर्शन
नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र की वित्तीय कंपनी आरईसी लिमिटेड (REC) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के शानदार वित्तीय नतीजे जारी करते हुए ₹4.25 प्रति शेयर का पहला अंतरिम लाभांश घोषित किया है। कंपनी का शुद्ध लाभ (PAT) पिछली तिमाही की तुलना में 23 प्रतिशत बढ़कर ₹4,149 करोड़ पहुंच गया है।
30 जून 2026 को समाप्त तिमाही के वित्तीय परिणामों को कंपनी के निदेशक मंडल ने मंजूरी दी। कंपनी की शुद्ध ब्याज आय (NII) भी बढ़कर ₹5,212 करोड़ रही, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 5 प्रतिशत अधिक है।
मजबूत वित्तीय प्रदर्शन
शुद्ध लाभ (PAT): ₹4,149 करोड़ (23% वृद्धि)
शुद्ध ब्याज आय (NII): ₹5,212 करोड़ (5% वृद्धि)
नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM): 3.34%
वार्षिक EPS: ₹63.04 प्रति शेयर
5.90 लाख करोड़ का ऋण पोर्टफोलियो
30 जून 2026 तक REC का स्टैंडअलोन ऋण पोर्टफोलियो ₹5.90 लाख करोड़ पहुंच गया, जो देश के किसी भी सीपीएसयू-एनबीएफसी में सबसे बड़ा बताया गया है। कंपनी की नेटवर्थ भी सालाना आधार पर 15 प्रतिशत बढ़कर ₹91,836 करोड़ हो गई।
हरित ऊर्जा और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस
कंपनी का नवीकरणीय ऊर्जा पोर्टफोलियो ₹78,596 करोड़ तक पहुंच गया, जो कुल ऋण पोर्टफोलियो का 13.32 प्रतिशत है। वहीं, इंफ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स पोर्टफोलियो ₹59,289 करोड़ हो गया, जो कुल ऋण संपत्तियों का 10 प्रतिशत से अधिक है।
एसेट क्वालिटी और पूंजी स्थिति मजबूत
REC ने अपने स्टेज-3 ऋण (NPA) का अनुपात घटाकर मात्र 0.11 प्रतिशत कर दिया है। वहीं, कंपनी का कैपिटल एडिक्वेसी रेश्यो (CRAR) 23.06 प्रतिशत रहा, जो RBI की न्यूनतम 15 प्रतिशत की अनिवार्यता से काफी अधिक है।
दो राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित
REC को ‘NBFC ऑफ द ईयर’ और ‘AI एवं GenAI Adoption Excellence Award’ से सम्मानित किया गया है। कंपनी ने इसे अपने मजबूत वित्तीय प्रदर्शन, डिजिटल नवाचार और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं का परिणाम बताया है।
REC ने कहा कि वह पारंपरिक ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा, बुनियादी ढांचा और लॉजिस्टिक्स क्षेत्रों में निवेश बढ़ाते हुए भारत सरकार के विकास कार्यक्रमों और ऊर्जा क्षेत्र के विस्तार में रणनीतिक भागीदार की भूमिका निभाती रहेगी।




