#प्रदेश

NEET विवाद पर बिहार बंद के दौरान पटना में बवाल, प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज; तेज प्रताप यादव हिरासत में

Advertisement Carousel

 

० मोबाइल टावर पर चढ़े प्रदर्शनकारी, पुलिस पर पथराव का आरोप; राज्यभर में 70 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात

पटना। नीट पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और छात्र आंदोलन पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में बुलाए गए बिहार बंद के दौरान राजधानी पटना में प्रदर्शन हिंसक हो गया। छात्र संगठन आइसा (AISA) और राष्ट्रीय युवा आंदोलन के समर्थकों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।

प्रदर्शन की प्रमुख बातें:

0 रामगुलाम चौक के पास कुछ प्रदर्शनकारी मोबाइल टावर पर चढ़ गए।
0 प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पहुंचे तेज प्रताप यादव ने तिरंगा लहराया।
0 पुलिस ने तेज प्रताप यादव समेत कई लोगों को हिरासत में लिया।
0 हिरासत में लिए जाने के बाद तेज प्रताप ने कहा कि वह छात्रों और युवाओं के संघर्ष के साथ खड़े हैं।

प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गए, जहां उन्होंने उग्र प्रदर्शन किया। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की और पथराव भी किया। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर फेंके ईंट-पत्थर 

पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंके और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि उपद्रव करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बिहार बंद को देखते हुए राज्यभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। करीब 70 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। स्थानीय पुलिस के अलावा सीआरपीएफ और सीआईएसएफ के जवान भी संवेदनशील इलाकों में तैनात हैं। एहतियात के तौर पर कई जिलों के स्कूल बंद रखे गए हैं, जबकि पटना, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय समेत 10 जिलों में विशेष निगरानी की जा रही है।