#प्रदेश

कोरबा में आकाशीय बिजली का कहर, खेत में रोपा लगा रहे 3 ग्रामीणों की दर्दनाक मौत

Advertisement Carousel

 

० सलोरा-छुरी गांव में काम के दौरान गिरी बिजली, इलाके में मातम; पुलिस ने शुरू की जांच

कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार को आकाशीय बिजली ने तीन ग्रामीणों की जान ले ली। कटघोरा से लगे सलोरा-छुरी गांव में खेत में धान रोपाई का काम कर रहे ग्रामीण अचानक मौसम खराब होने के दौरान बिजली की चपेट में आ गए। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, छुरी बकरा बाजार सब-स्टेशन के पीछे स्थित खेत में करीब 25 से 30 ग्रामीण धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और खेत की मेढ़ पर तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आए तीन ग्रामीण गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कटघोरा ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।