#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठंड, रायपुर में 19 डिग्री पहुंचा रात का पारा; नवंबर के अंत तक 14-15 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम साफ होते ही ठंड ने धीरे-धीरे दस्तक देनी शुरू कर दी है। दिन में धूप के कारण तापमान स्थिर बना हुआ है, लेकिन रात के पारे में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। राजधानी रायपुर में रात का तापमान गिरकर 19 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। ऐसे में सुबह और देर रात हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है।

सुबह धुंध, रात में बढ़ेगी ठिठुरन

आसमान साफ रहने के कारण सुबह के समय हल्की धुंध दिखाई देने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है। फिलहाल प्रदेश में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। उत्तरी सीमा से लगे जिलों के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं होने से नवंबर के अंत तक रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है।

नवंबर के अंत तक 14-15 डिग्री तक गिरेगा रायपुर का पारा

मौसम के पुराने आंकड़ों के अनुसार, नवंबर के अंतिम दिनों तक रायपुर में न्यूनतम तापमान सामान्यतः 14 से 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। ऐसे में आगामी दिनों में सुबह और रात के समय ठंड का असर और तेज होने की संभावना है।

नवंबर में तापमान और बारिश के टूट चुके हैं कई रिकॉर्ड

नवंबर महीने में रायपुर के मौसम का इतिहास भी काफी दिलचस्प रहा है। उपलब्ध रिकॉर्ड के मुताबिक, 2 नवंबर 1935 को रायपुर में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, 22 नवंबर 1883 को न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

बारिश की बात करें तो 2 नवंबर 1930 को एक ही दिन में सर्वाधिक 70 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी। जबकि नवंबर महीने में सर्वाधिक मासिक वर्षा का रिकॉर्ड वर्ष 1924 के नाम है, जब कुल 138 मिलीमीटर बारिश हुई थी।

फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को सुबह और रात के समय गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हो सकती है।