छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने रचा इतिहास, कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जीता रजत पदक

० 53 किलोग्राम वर्ग में 199 किलोग्राम वजन उठाकर भारत को दिलाया पांचवां पदक, खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने दी बधाई
रायपुर। छत्तीसगढ़ की होनहार वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने महिला 53 किलोग्राम वर्ग में कुल 199 किलोग्राम (88 किग्रा स्नैच + 111 किग्रा क्लीन एंड जर्क) वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ भारत के खाते में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का पांचवां पदक जुड़ गया, जबकि वेटलिफ्टिंग में यह देश का चौथा पदक है।
199 किलोग्राम वजन उठाकर जीता सिल्वर
ज्ञानेश्वरी ने प्रतियोगिता में शुरुआत से ही बेहतरीन प्रदर्शन किया। स्नैच में उन्होंने 82, 85 और 88 किलोग्राम के सफल प्रयास किए। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में 103, 107 और 111 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 199 किलोग्राम का स्कोर बनाया और रजत पदक पर कब्जा जमाया। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक नाइजीरिया की दिदीह ने जीता।
भारत की पदक तालिका में जुड़ा पांचवां मेडल
ज्ञानेश्वरी के शानदार प्रदर्शन से भारत की पदक संख्या बढ़कर पांच हो गई है। वेटलिफ्टिंग में इससे पहले मीराबाई चानू ने स्वर्ण, जबकि राजा मुथुपंडी और रिशिकांता सिंह ने रजत पदक जीते थे। वहीं झंडू कुमार ने पैरा पावरलिफ्टिंग में कांस्य पदक जीतकर भारत की झोली में पांचवां पदक डाला।
खेल मंत्री ने दी शुभकामनाएं
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि “खेलो इंडिया की एथलीट ज्ञानेश्वरी यादव ने ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिला 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में शानदार संघर्ष के बाद रजत पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया है।”
पहले भी जीत चुकी हैं कई अंतरराष्ट्रीय पदक
ज्ञानेश्वरी यादव का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह पहला बड़ा प्रदर्शन नहीं है। इससे पहले वह जूनियर वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में रजत, सीनियर कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में स्वर्ण और आईडब्ल्यूएफ यूनिवर्सल कप में गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। हाल ही में आयोजित सीनियर एशियाई वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भी उन्होंने एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया था।
गुंडाधुर पुरस्कार से हो चुकी हैं सम्मानित
छत्तीसगढ़ सरकार ज्ञानेश्वरी यादव को उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए गुंडाधुर पुरस्कार से सम्मानित कर चुकी है। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का यह रजत पदक उनके करियर की एक और बड़ी उपलब्धि है और प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी।





