#प्रदेश

सूरजपुर में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला: 15 नामजद समेत 100-150 ग्रामीणों पर FIR, आरोपियों की तलाश तेज

Advertisement Carousel

 

० 24 जुलाई को गिरफ्तारी के दौरान हुआ था हमला, SDOP सहित दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी हुए थे घायल

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर गांव में पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना में 15 नामजद और 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर गांव में 24 जुलाई को कार्रवाई के लिए पहुंची पुलिस टीम पर हुए हिंसक हमले के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इस मामले में 15 नामजद और 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम गांव में एक मामले के पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंची थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने लाठी-डंडों, फरसा और टंगिया से पुलिस पर हमला कर दिया।

इस हमले में प्रतापपुर के SDOP सहित दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। घायलों का उपचार कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की।

जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नामजद आरोपियों के साथ-साथ घटना में शामिल अन्य ग्रामीणों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले की जांच जारी है।