#प्रदेश

दंतेवाड़ा में बड़ा सड़क हादसा: महेंद्रा ट्रेवल्स की यात्री बस पलटी, 10-12 यात्री घायल

Advertisement Carousel

 

० भांसी थाना क्षेत्र के धुरली के पास तड़के हुआ हादसा, जवानों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन; पुलिस जांच में जुटी

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। महेंद्रा ट्रेवल्स की एक यात्री बस भांसी थाना क्षेत्र के धुरली के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 10 से 12 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

तड़के करीब साढ़े चार बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भरी बस मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे धुरली के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई।

जवानों ने संभाला मोर्चा, घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही भांसी थाना क्षेत्र में तैनात जवान मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया।

दंतेवाड़ा और बचेली अस्पताल में चल रहा इलाज

घायलों में कुछ यात्रियों को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल, जबकि अन्य को बचेली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।