ICC Rankings: शुभमन गिल फिर बने दुनिया के नंबर-1 ODI बल्लेबाज, 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की 230 स्थान की ऐतिहासिक छलांग

० वनडे रैंकिंग में गिल ने दोबारा हासिल किया शीर्ष स्थान, टी20 में वैभव, ईशान किशन और तिलक वर्मा ने बढ़ाया भारत का दबदबा
नई दिल्ली। आईसीसी की ताजा रैंकिंग में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। कप्तान शुभमन गिल ने एक बार फिर दुनिया के नंबर-1 वनडे बल्लेबाज का ताज अपने नाम कर लिया है। वहीं, महज 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में 230 स्थान की जबरदस्त छलांग लगाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
आईसीसी की नई रैंकिंग में शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल को पीछे छोड़ते हुए वनडे बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया। डेरिल मिचेल जनवरी से नंबर-1 पर थे, लेकिन हालिया वेस्टइंडीज-न्यूजीलैंड सीरीज में नहीं खेलने का फायदा गिल को मिला और उन्होंने दोबारा नंबर-1 की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया।
15 साल के वैभव ने रचा इतिहास
टी20 रैंकिंग में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी सबसे बड़े आकर्षण रहे। जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में उन्होंने दो अर्धशतक जड़ते हुए 50.33 की औसत से 151 रन बनाए। भारत ने सीरीज 3-0 से अपने नाम की और वैभव को इसका बड़ा फायदा मिला। उन्होंने 230 स्थान की छलांग लगाकर 48वीं रैंक हासिल की, जो उनके करियर की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
ईशान किशन अब भी नंबर-1
टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में ईशान किशन 910 रेटिंग अंकों के साथ दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बने हुए हैं। जिम्बाब्वे सीरीज के दौरान उन्होंने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 916 रेटिंग हासिल की थी, जो टी20 इतिहास की तीसरी सबसे ऊंची बल्लेबाजी रेटिंग है। इस सूची में केवल अभिषेक शर्मा (931) और डेविड मलान (919) उनसे आगे हैं।
वहीं, पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान दूसरे स्थान पर हैं। भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा दो पायदान चढ़कर छठे और कप्तान श्रेयस अय्यर सात स्थान की छलांग लगाकर 24वें स्थान पर पहुंच गए। टी20 बल्लेबाजों की टॉप-10 रैंकिंग में भारत के तीन खिलाड़ी शामिल हैं।
गेंदबाजों की रैंकिंग में भी भारत को फायदा
टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में भारतीय लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने 31 स्थान की लंबी छलांग लगाते हुए 41वां स्थान हासिल किया। हालांकि चोट के कारण जिम्बाब्वे दौरे से बाहर रहे वरुण चक्रवर्ती तीन स्थान फिसले हैं, लेकिन वे अब भी शीर्ष-10 गेंदबाजों में बने हुए हैं।
टेस्ट रैंकिंग में वेस्टइंडीज खिलाड़ियों का जलवा
वेस्टइंडीज के जस्टिन ग्रीव्स ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन के दम पर टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में 21 स्थान की छलांग लगाकर 48वां स्थान हासिल किया। वहीं ऑलराउंडर रैंकिंग में वे नौवें स्थान पर पहुंच गए। उनके साथी जेडन सील्स 24वें स्थान पर पहुंचे, जबकि पाकिस्तान के मोहम्मद अब्बास 17वें और बाबर आजम टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में 15वें स्थान पर पहुंच गए।




