#प्रदेश

बस्तर में नक्सल-मुक्त अभियान की कवरेज पर डॉ. सोमेश कुमार पटेल को राष्ट्रीय सम्मान

Advertisement Carousel

 

नई दिल्ली। लोक सेवा प्रसारक ‘प्रसार भारती’ के डीडी न्यूज़ और डीडी इंडिया के वरिष्ठ संवाददाता डॉ. सोमेश कुमार पटेल को बस्तर में नक्सल-मुक्त अभियान पर उनकी विशेष, जमीनी और तथ्यपरक रिपोर्टिंग के लिए प्रतिष्ठित Samachar4Media पत्रकारिता 40 अंडर 40 अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया है।

नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (IIC) में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। यह पुरस्कार उत्कृष्ट, विश्वसनीय और जनहित आधारित पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले देश के चुनिंदा युवा पत्रकारों को दिया जाता है।

डॉ. पटेल को बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से की गई निष्पक्ष, शोधपरक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए सम्मानित किया गया। उनकी रिपोर्टिंग में सुरक्षा अभियानों के साथ-साथ स्थानीय जनजीवन, विकास कार्यों, आदिवासी समाज में आए बदलाव तथा शांति स्थापना के प्रयासों को भी प्रमुखता से स्थान मिला। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में की गई उनकी तथ्यपरक पत्रकारिता ने राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान बनाई है।

डॉ. पटेल की पत्रकारिता निष्पक्षता, विश्वसनीयता, गहन शोध और मजबूत जमीनी समझ के लिए जानी जाती है। उन्होंने असम, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, केरल, मध्य प्रदेश और गोवा सहित अनेक राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड रिपोर्टिंग की है। चुनावी राजनीति, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और मतदाताओं से जुड़े मुद्दों पर उनके विश्लेषणात्मक कार्य को व्यापक सराहना मिली है।

इससे पूर्व वर्ष 2025 में उन्हें उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए ‘चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया था। यह सम्मान उन्हें भारत के वर्तमान उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन के करकमलों से प्राप्त हुआ। वहीं, वर्ष 2022 में कोविड-19 महामारी के दौरान राष्ट्रीय मीडिया संस्थान में कार्य करते हुए प्रभावित परिवारों की समस्याओं को प्रमुखता से उजागर करने और उत्कृष्ट जमीनी रिपोर्टिंग के लिए उन्हें राष्ट्रीय मीडिया एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

करीब 18 वर्षों से सक्रिय डॉ. पटेल ने राष्ट्रीय सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा, नक्सलवाद, राजनीति, विदेश नीति, कूटनीति और समसामयिक विषयों पर देश के विभिन्न राज्यों से व्यापक रिपोर्टिंग की है। हाल ही में उन्होंने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मोल्दोवा, उत्तर मैसिडोनिया और रोमानिया की राजकीय यात्रा की भी विशेष कवरेज की।

पत्रकारिता के साथ-साथ डॉ. पटेल ने आधुनिक तकनीक, डेटा विज्ञान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र में भी अपनी विशेषज्ञता विकसित की है। उन्होंने एडवरटाइजिंग एवं पब्लिक रिलेशंस में एम.ए., मास कम्युनिकेशन में पीएचडी, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा (महाराष्ट्र) पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं फिल्म प्रोडक्शन (PGDEM & FP) ,जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय (अमेरिका) से सोशल नेटवर्क एनालिसिस, गूगल एआई फंडामेंटल्स तथा ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के सईद बिजनेस स्कूल द्वारा अधिकृत एआई एंड कंटेंट रिकमेंडेशन कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण किए हैं। यह विशेषज्ञता उन्हें डेटा-आधारित, एआई-सक्षम और भविष्य उन्मुख मीडिया परिवेश में प्रभावी एवं आधुनिक पत्रकारिता करने में सक्षम बनाती है।