बिलासपुर केंद्रीय जेल में आजीवन कैदी ने गैसीफायर प्लांट में लगाई छलांग, दर्दनाक मौत

० भोजन बनाने वाली भट्ठी में कूदने से हुई मौत, गर्मी के कारण तुरंत नहीं निकाला जा सका शव; विवाद के एंगल से भी जांच
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर केंद्रीय जेल में बुधवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक कैदी ने जेल परिसर में स्थित भोजन बनाने वाले गैसीफायर प्लांट में छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। भट्ठी अत्यधिक गर्म होने के कारण शव को तत्काल बाहर नहीं निकाला जा सका। अधिकारियों के अनुसार, भट्ठी का तापमान कम होने के बाद गुरुवार को शव बाहर निकाला जाएगा।
मृतक की पहचान जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह निवासी राहुल उर्फ विकेश कंवर (46) के रूप में हुई है। जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने बताया कि राहुल वर्ष 2014 से दोहरे हत्याकांड के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, पुलिस और एफएसएल की टीम केंद्रीय जेल पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जेल प्रबंधन से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी।
विवाद के एंगल से भी हो रही जांच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले राहुल का किसी अन्य कैदी से विवाद हुआ था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि घटना आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। फिलहाल एफएसएल टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।




