नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई, पान सीड्स प्रा. लि. का बीज विक्रय लाइसेंस रद्द

० निरीक्षण में गैर-अनुमोदित धान बीजों का भंडारण और बिक्री का खुलासा, 4,982 बोरी बीज जब्त; किसानों के हितों से समझौता नहीं
रायपुर। छत्तीसगढ़ कृषि संचालनालय ने बीज कारोबार में नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए धमतरी जिले के कुरूद स्थित मेसर्स पान सीड्स प्रा. लि. का बीज विक्रय अनुज्ञा (लाइसेंस) तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। यह कार्रवाई राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय निरीक्षण दल की जांच में सामने आई गंभीर अनियमितताओं के आधार पर की गई।
निरीक्षण में मिलीं गंभीर गड़बड़ियां
निरीक्षण के दौरान कंपनी के गोदाम में बड़ी मात्रा में ऐसे धान बीजों का भंडारण, पैकेजिंग और बिक्री पाई गई, जो कृषि संचालनालय द्वारा जारी लाइसेंस में शामिल नहीं थे। जांच टीम ने मौके से 4,982 बोरी बीज के साथ कई गैर-अनुमोदित धान किस्मों की पैकेजिंग सामग्री भी बरामद की।
दस्तावेजों की जांच में हुआ खुलासा
इनवॉइस और अन्य अभिलेखों की जांच में यह सामने आया कि कंपनी कई गैर-अनुमोदित धान किस्मों का व्यापार और विक्रय कर रही थी। विभाग ने इसे बीज (नियंत्रण) आदेश, 1983 के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन माना।
नोटिस के जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ विभाग
निरीक्षण के बाद कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। जवाब में कंपनी ने संबंधित किस्मों को लाइसेंस में शामिल करने के लिए आवेदन किए जाने की बात कही, लेकिन जांच में पता चला कि यह आवेदन निरीक्षण के बाद किया गया था। विभाग ने इसे नियमों के उल्लंघन को छिपाने का प्रयास माना।
तत्काल प्रभाव से लाइसेंस निरस्त
पूरे मामले की समीक्षा के बाद कृषि संचालनालय ने बीज (नियंत्रण) आदेश, 1983 की धारा 15(ब) के तहत मेसर्स पान सीड्स प्रा. लि. का बीज विक्रय लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया।
विभाग ने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों और बीजों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।




