एपीएसईज़ेड ने पहली तिमाही में रचा नया रिकॉर्ड, इंटरनेशनल पोर्ट्स कारोबार से मिला बड़ा उछाल

० रिकॉर्ड राजस्व और EBITDA दर्ज, कार्गो वॉल्यूम में जबरदस्त बढ़ोतरी; लॉजिस्टिक्स और मरीन कारोबार ने भी दिखाई मजबूत रफ्तार
बिजनेस न्यूज़ । अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (एपीएसईज़ेड) ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही (Q1 FY27) में शानदार वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी के इंटरनेशनल पोर्ट्स कारोबार ने अब तक का सबसे अधिक तिमाही राजस्व और EBITDA हासिल किया है। ऑस्ट्रेलिया, कोलंबो, तंजानिया और इज़राइल में बढ़ते कारोबार की बदौलत कार्गो वॉल्यूम तीन गुना बढ़कर 22.8 मिलियन मीट्रिक टन (MMT) पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 7.7 MMT था।
इंटरनेशनल पोर्ट्स कारोबार ने बनाया नया रिकॉर्ड
कंपनी के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया में 10 MMT, कोलंबो में 6.9 MMT, तंजानिया में 3.7 MMT और इज़राइल में 2.2 MMT कार्गो हैंडल किया गया। अधिक मार्जिन वाले ऑस्ट्रेलियाई कारोबार और कोलंबो पोर्ट के मजबूत प्रदर्शन के कारण EBITDA मार्जिन बढ़कर 41.8 प्रतिशत हो गया, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 21.1 प्रतिशत था। इस दौरान कोलंबो का राजस्व पांच गुना और तंजानिया का राजस्व 36 प्रतिशत बढ़ा।
लॉजिस्टिक्स कारोबार पर मध्य-पूर्व संकट का असर, फिर भी बढ़ी आय
मध्य-पूर्व में जारी तनाव का असर रेल आधारित कंटेनर परिवहन पर देखने को मिला। पहली तिमाही में रेल के जरिए कंटेनर परिवहन 1,45,310 TEU रहा, जबकि पिछले वर्ष यह 1,79,479 TEU था। इसके बावजूद कंपनी के एसेट-लाइट मॉडल के विस्तार से ट्रकिंग कारोबार का राजस्व सालाना आधार पर 26 प्रतिशत बढ़ा। वहीं इंटरनेशनल फ्रेट नेटवर्क (IFN) का राजस्व पिछली तिमाही की तुलना में 28 प्रतिशत अधिक रहा।
मरीन कारोबार में 67 प्रतिशत की बढ़ोतरी
एपीएसईज़ेड के मरीन कारोबार ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। पहली तिमाही में इसका राजस्व सालाना आधार पर 67 प्रतिशत बढ़ा। कंपनी के बेड़े में जहाजों की संख्या बढ़कर 135 हो गई, जो पिछले वर्ष 118 थी। कंपनी ने यूरोप में डीपवॉटर इंजीनियरिंग और ऑफशोर क्षमताओं के विस्तार के लिए Oceanering International के साथ साझेदारी की है। इसके अलावा अर्जेंटीना से भारत तक पहली LNG निर्यात परियोजना के समर्थन के लिए 10 वर्ष का महत्वपूर्ण अनुबंध भी हासिल किया है।
पहली तिमाही में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन
वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंपनी ने 10,821 करोड़ रुपये का राजस्व और 6,541 करोड़ रुपये का EBITDA दर्ज किया। कंपनी का नेट डेट-टू-EBITDA अनुपात 1.9 गुना रहा, जो मजबूत वित्तीय स्थिति को दर्शाता है।
क्रेडिट रेटिंग में भी सुधार
एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने एपीएसईज़ेड की दीर्घकालिक क्रेडिट रेटिंग ‘BBB-‘ से बढ़ाकर ‘BBB’ कर दी है और आउटलुक ‘स्टेबल’ रखा है। यह रेटिंग भारत की सॉवरेन रेटिंग के बराबर है। वहीं, केयर रेटिंग्स और आईसीआरए ने कंपनी की सर्वोच्च घरेलू रेटिंग ‘AAA’ बरकरार रखी है।
2030 तक एक बिलियन टन कार्गो हैंडलिंग का लक्ष्य
एपीएसईज़ेड वर्तमान में भारत के 15 पोर्ट्स और टर्मिनल्स, 4 अंतरराष्ट्रीय पोर्ट्स, 136 जहाजों, 12 मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, 31 लाख वर्गफीट वेयरहाउसिंग क्षमता और 25 हजार से अधिक ट्रकों के नेटवर्क के साथ देश की सबसे बड़ी इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट एवं लॉजिस्टिक्स कंपनियों में शामिल है। कंपनी की वर्तमान कार्गो हैंडलिंग क्षमता 653 मिलियन टन प्रतिवर्ष है और वर्ष 2030 तक इसे बढ़ाकर 1 बिलियन टन करने का लक्ष्य रखा गया है।





