#प्रदेश

रायपुर में 31 जुलाई से सजेगा ‘द लोकल मेकर्स मार्केट’, बस्तर की हस्तशिल्प कला होगी आकर्षण का केंद्र

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और बस्तर की विश्वप्रसिद्ध हस्तशिल्प कला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से ग्रामोद्योग विभाग 31 जुलाई से 2 अगस्त तक रायपुर में ‘द लोकल मेकर्स मार्केट–2026’ का आयोजन करेगा। विधानसभा रोड स्थित ‘द वाहे’ में लगने वाले इस तीन दिवसीय मेले में देशभर के 80 से अधिक हस्तशिल्प उद्यमी और कलाकार हिस्सा लेंगे।

बस्तर पवेलियन रहेगा मुख्य आकर्षण

मेले में ग्रामोद्योग विभाग की ओर से विशेष बस्तर पवेलियन बनाया जाएगा। यहां ढोकरा शिल्प, लौह शिल्प, काष्ठ शिल्प, जनजातीय कलाकृतियां और हाथकरघा उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। विभाग की ओर से कुल 20 स्टॉल लगाए जाएंगे।

कारीगरों को मिलेगा नया बाजार

ग्रामोद्योग विभाग के सचिव राजेश सिंह राणा ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य बस्तर के शिल्पकारों को नए बाजार, खरीदारों और डिजाइन विशेषज्ञों से जोड़ना है। इससे स्थानीय कारीगरों को उनकी कला के अनुरूप पहचान मिलेगी और उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे

मेले में हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी के साथ विभिन्न कलाओं का सजीव प्रदर्शन, कार्यशालाएं, पारंपरिक व्यंजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी। राज्य सरकार का लक्ष्य पारंपरिक हस्तशिल्प के संरक्षण और विपणन को बढ़ावा देना है।

बस्तर के विकास पर जोर

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बस्तर की कला, संस्कृति और खेल प्रतिभाएं देश की धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बस्तर के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उनके अनुसार, ऐसे आयोजन बस्तर की कला और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करेंगे।