#खेल

ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल: भारतीय मुक्केबाजों का दमदार पंच, चार खिलाड़ी पहुंचे फाइनल

Advertisement Carousel

 

० प्रीति, अंकुश, जैस्मीन लंबोरिया और अरुंधति चौधरी ने सेमीफाइनल जीते, अब स्वर्ण पदक पर नजर

ग्लास्गो। राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। नौवें दिन भारत के चार मुक्केबाजों ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह पक्की कर ली। अब प्रीति पवार, अंकुश, जैस्मीन लंबोरिया और अरुंधति चौधरी स्वर्ण पदक के लिए रिंग में उतरेंगे।

प्रीति ने 5-0 से दर्ज की शानदार जीत

महिला 54 किग्रा वर्ग में भारत की प्रीति पवार ने जाम्बिया की कैथरीन मवापे को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता प्रीति ने पूरे मुकाबले में आक्रामक खेल दिखाया और सटीक पंचों से विपक्षी मुक्केबाज को लगातार दबाव में रखा। फाइनल में उनका मुकाबला कनाडा की स्कारलेट डेलगाडो से होगा।

अंकुश ने भी 5-0 से कटाया फाइनल का टिकट

पुरुष 80 किग्रा वर्ग में अंकुश ने कनाडा के जोशुआ ओफोरी को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक मुकाबले में जगह बनाई। भारतीय मुक्केबाज ने संयमित खेल और सटीक पंचों के दम पर पूरे मुकाबले में बढ़त बनाए रखी।

जैस्मीन लंबोरिया का दमदार प्रदर्शन

महिला 57 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में जैस्मीन लंबोरिया ने रेपलांग मासेलेला को आरएससी (रेफरी स्टॉप्ड कॉन्टेस्ट) के आधार पर हराया। जैस्मीन ने शुरू से अंत तक मुकाबले पर पूरी पकड़ बनाए रखी और प्रभावशाली जीत के साथ फाइनल में जगह बनाई।

अरुंधति चौधरी भी पहुंचीं फाइनल

महिला 70 किग्रा वर्ग में अरुंधति चौधरी ने इंग्लैंड की रोसी एकेल्स को 4-0 के फैसले से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। अरुंधति ने पूरे मुकाबले में आत्मविश्वास से भरा प्रदर्शन किया और अब वह स्वर्ण पदक जीतने से सिर्फ एक कदम दूर हैं।चार भारतीय मुक्केबाजों के फाइनल में पहुंचने से भारत के स्वर्ण पदकों की उम्मीद और मजबूत हो गई है।