पप्पू यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज, संसद परिसर में प्रदर्शन को लेकर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप

० जहांगीरपुरी थाने में शिकायत, संसद में साधु के वेश में किए गए विरोध प्रदर्शन की पुलिस ने शुरू की प्रारंभिक जांच
नई दिल्ली। संसद परिसर में किए गए विरोध प्रदर्शन को लेकर निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। दिल्ली के जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन में सूर्य मैथिल नामक व्यक्ति ने शिकायत देते हुए आरोप लगाया है कि सांसद के प्रदर्शन से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि संसद परिसर में पप्पू यादव द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन का तरीका और उसकी विषय-वस्तु धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली थी। शिकायत में उनके कृत्य को आपत्तिजनक बताते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।
साधु के वेश में किया था विरोध प्रदर्शन
शुक्रवार को संसद परिसर में निर्दलीय सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में पहुंचे थे। उन्होंने अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं और 20 जुलाई को छात्रों के संसद मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान विपक्ष के कई सांसद भी उनके साथ मौजूद रहे।
राहुल गांधी और खरगे भी हुए शामिल
प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कई विपक्षी सांसद शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान प्रतीकात्मक रूप से दान पेटियां रखी गईं, जिनमें विपक्षी नेताओं ने चढ़ावा डाला। वहीं पप्पू यादव ने नाटकीय अंदाज में उस राशि को अपनी जेब में रखकर राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी का प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया।
प्रतीकात्मक प्रदर्शन बना विवाद की वजह
सांसदों ने संसद के मकर द्वार के सामने यह प्रदर्शन किया। विपक्ष का कहना था कि यह केवल एक सांकेतिक विरोध था, जबकि शिकायतकर्ता ने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताया है। फिलहाल पुलिस शिकायत की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




