Surajpur News: तालाब में डूबने से दो मासूमों की मौत, नहाने गए थे दोनों बच्चे

० सूरजपुर के चम्पानगर गांव में हादसा, बारिश से बढ़ी तालाब की गहराई बनी हादसे की वजह; पुलिस जांच में जुटी
सूरजपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के चम्पानगर गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे गांव के तालाब में नहाने के लिए गए थे। नहाते समय वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। घंटों की खोजबीन के बाद दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण तालाब पूरी तरह लबालब भरे हुए हैं, जिससे पानी की गहराई काफी बढ़ गई थी। आशंका है कि गहरे पानी में चले जाने के कारण दोनों बच्चे बाहर नहीं निकल सके।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।





