#प्रदेश

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटा, कई वाहन बहे; छात्रू-किश्तवाड़ हाईवे बंद, स्कूलों की छुट्टी

Advertisement Carousel

 

० तेज बहाव और मलबे से संपत्तियों को नुकसान, फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं; प्रशासन राहत-बचाव कार्य में जुटा।

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के छात्रू क्षेत्र में शनिवार को बादल फटने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। तेज पानी और मलबे के बहाव की चपेट में आने से कई वाहन बह गए, जबकि विभिन्न स्थानों पर संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की सूचना है। प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

बादल फटने के बाद क्षेत्र में अचानक पानी और मलबे का तेज बहाव शुरू हो गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं मिली है।

हाईवे बंद, लोगों से सतर्क रहने की अपील

घटना के बाद एहतियातन छात्रू–किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

खराब मौसम के चलते सभी स्कूल बंद

लगातार खराब मौसम और बादल फटने की घटना को देखते हुए जिला प्रशासन ने किश्तवाड़ जिले के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। अधिकारियों के अनुसार विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है।

प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव की तैयारियां जारी हैं। मौसम सामान्य होने और मार्ग सुरक्षित होने के बाद ही यातायात बहाल करने पर निर्णय लिया जाएगा।