#प्रदेश #राष्ट्रीय

Big News : कुलगाम आतंकी हमला: घायल दूसरे छत्तीसगढ़ के मजदूर ने भी तोड़ा दम, दोनों की मौत

Advertisement Carousel

 

० ईंट भट्ठे पर काम कर रहे दो प्रवासी मजदूरों को आतंकियों ने बनाया था निशाना, हमले की जिम्मेदारी TRF ने ली; सुरक्षा एजेंसियां पाकिस्तानी आतंकियों की भूमिका की जांच में जुटीं

श्रीनगर/रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में घायल दूसरे प्रवासी मजदूर की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही इस हमले में जान गंवाने वाले दोनों मजदूरों की मौत हो चुकी है। दोनों छत्तीसगढ़ के निवासी थे और कुलगाम के केलम इलाके स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करते थे।

शुक्रवार देर शाम आतंकियों ने दोनों मजदूरों पर गोलीबारी की थी। हमले में 24 वर्षीय दीपक रात्रे की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 28 वर्षीय भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे पहले जीएमसी अनंतनाग और बाद में गंभीर हालत में एसकेआईएमएस श्रीनगर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार भूपेंद्र के सीने में गोली लगी थी।

TRF ने ली हमले की जिम्मेदारी

इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है। सूत्रों के मुताबिक, आतंकियों ने गोली मारने से पहले दोनों मजदूरों से उनके नाम भी पूछे थे। स्थानीय पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और परिवार के सदस्य कश्मीर के लिए रवाना हो गए हैं।

10 दिन में दूसरी टारगेट किलिंग

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, घाटी में महज 10 दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी टारगेट किलिंग की घटना है। एजेंसियों का मानना है कि आतंकियों का मकसद प्रवासी मजदूरों और आम नागरिकों में दहशत फैलाकर जम्मू-कश्मीर की शांति और विकास को प्रभावित करना है।

अमरनाथ यात्रा भी था निशाना

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि आतंकियों का मुख्य निशाना अमरनाथ यात्रा थी, लेकिन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। हाल ही में अनंतनाग में अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में तैनात पुलिस हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी की भी आतंकियों ने हत्या कर दी थी।

पाकिस्तानी आतंकियों की भूमिका की जांच

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमले में असॉल्ट राइफल का इस्तेमाल किया गया। सुरक्षा एजेंसियों को इस वारदात में पाकिस्तानी आतंकियों की संलिप्तता की आशंका है। फिलहाल पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और मामले की गहन जांच जारी है।