Kulgam Terror Attack: कुलगाम आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत, डॉ. चरणदास महंत ने की कड़ी निंदा

० नेता प्रतिपक्ष ने एडीजी इंटेलिजेंस से ली घटना की जानकारी, पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने का आग्रह
रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने राज्य के एडीजी इंटेलिजेंस अमित कुमार से फोन पर बात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, कुलगाम जिले के किलम क्षेत्र में आतंकवादियों ने दो प्रवासी मजदूरों पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। गंभीर रूप से घायल दोनों मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान दीपक कुमार रात्रे (पिता- उमाशंकर रात्रे), निवासी ग्राम बुंदेली, वार्ड क्रमांक-3, जिला जांजगीर-चांपा तथा भूपेंद्र कुमार भैना (पिता- दशरथ भैना), निवासी छुइया, बलौदा बाजार, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद डॉ. चरणदास महंत ने एडीजी इंटेलिजेंस से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और मृतकों के परिजनों से तत्काल संपर्क स्थापित कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
डॉ. महंत ने कहा कि निर्दोष मजदूरों पर किया गया यह आतंकी हमला बेहद निंदनीय और अमानवीय है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।





