CG News: छत्तीसगढ़ में सस्ती होगी स्कॉच! जॉनी वॉकर समेत 33 विदेशी ब्रांडों की कीमतों में कटौती

रायपुर। भारत और ब्रिटेन के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) का असर अब छत्तीसगढ़ के शराब बाजार में भी दिखाई देने लगा है। समझौते के तहत स्कॉच व्हिस्की पर आयात शुल्क में बड़ी कटौती की गई है। पहले जहां 150 प्रतिशत आयात शुल्क लगता था, वहीं अब इसे घटाकर 75 प्रतिशत कर दिया गया है। इसका फायदा प्रदेश में बिकने वाले प्रीमियम विदेशी शराब ब्रांडों की कीमतों पर पड़ा है। छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग ने 33 विदेशी शराब ब्रांडों की संशोधित दरों को मंजूरी देते हुए नई सूची जारी की है। इसमें जॉनी वॉकर 18 ईयर के एक केस की कीमत में करीब 5 हजार रुपये की कमी दर्ज की गई है।
जॉनी वॉकर से लेकर रॉयल सैल्यूट तक, इन ब्रांडों के दाम घटे
छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के शेष महीनों के लिए विदेश से सीधे बोतलबंद होकर आने वाली 33 प्रीमियम शराब ब्रांडों की नई दरें स्वीकृत की हैं। संशोधित सूची में जॉनी वॉकर, चिवास रीगल, रॉयल सैल्यूट, ग्लेनलिवेट, ड्यूअर्स, बॉलेंटाइन और सिंगलटन जैसे लोकप्रिय विदेशी ब्रांड शामिल हैं।
नई दरों के अनुसार, जॉनी वॉकर 18 ईयर की लैंडिंग कीमत 42,480 रुपये निर्धारित की गई है। वहीं, जॉनी वॉकर ब्लू लेबल के एक केस की कीमत 92,939 रुपये तय हुई है। रॉयल सैल्यूट 21 ईयर की लैंडिंग कीमत 64,079 रुपये रखी गई है। इसके अलावा सिंगलटन 12 ईयर के एक केस की कीमत में 2,817 रुपये तक की कमी आई है।
क्या है भारत-ब्रिटेन FTA, कैसे मिला फायदा?
भारत और ब्रिटेन के बीच लंबे समय तक चली बातचीत के बाद पिछले वर्ष लंदन में मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे। इस समझौते का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार को बढ़ावा देना और विभिन्न उत्पादों पर लगने वाले आयात-निर्यात शुल्क को कम करना है। समझौते के तहत टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल, व्हिस्की, फार्मा और टेक्नोलॉजी समेत कई क्षेत्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
स्कॉच व्हिस्की पर आयात शुल्क में कटौती का सीधा असर अब छत्तीसगढ़ की आबकारी दरों में भी नजर आने लगा है। हालांकि, विदेशी शराब की नई लैंडिंग कीमतों में कमी का मतलब यह नहीं है कि सरकारी शराब दुकानों पर ग्राहकों को उतनी ही राहत मिलेगी। खुदरा दुकानों पर शराब किस कीमत पर उपलब्ध होगी, यह राज्य सरकार की खुदरा मूल्य निर्धारण नीति पर निर्भर करेगा।




