Kanker News: कांकेर में नक्सलियों की साजिश नाकाम, जंगल से मिला 3 किलो का प्रेशर कुकर IED

कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। सर्चिंग पर निकली संयुक्त टीम ने जंगल-पहाड़ी इलाके से करीब 3 किलो वजनी प्रेशर कुकर IED बरामद किया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। सुरक्षा बलों की सतर्कता से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
जंगल में सर्चिंग के दौरान मिला विस्फोटक
जानकारी के मुताबिक, छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के ग्राम मोरखंडी और हिंदुर के बीच स्थित जंगल-पहाड़ी इलाके में जिला पुलिस, सीमा सुरक्षा बल (BSF) और बम निरोधक दस्ता (BDS) की संयुक्त टीम सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान जवानों की नजर संदिग्ध प्रेशर कुकर पर पड़ी। जांच करने पर उसके IED होने की पुष्टि हुई। इसका वजन करीब 3 किलोग्राम बताया गया है।
BDS की टीम ने मौके पर किया निष्क्रिय
IED मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने तत्काल इलाके को सुरक्षित किया और BDS की टीम को मौके पर बुलाया। बम निरोधक दस्ते ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया।
इस कार्रवाई से नक्सलियों की संभावित बड़ी साजिश विफल हो गई। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बलों का सर्चिंग अभियान जारी है। जवान आसपास के क्षेत्रों में भी संदिग्ध गतिविधियों और विस्फोटकों की तलाश कर रहे हैं।





