#प्रदेश

दिल्ली में पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हंगामा, ‘चाकू लेकर आया था हमलावर’, सांसद ने हत्या की साजिश का लगाया आरोप

Advertisement Carousel

पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन (पप्पू यादव) की दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हंगामा हो गया। पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति चाकू लेकर उन पर हमला करने पहुंचा था और यह उनकी हत्या की साजिश थी। घटना के बाद आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

दिल्ली स्थित आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पप्पू यादव तक पहुंचने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान धक्कामुक्की हुई और बाद में पप्पू यादव के समर्थकों ने भी उस व्यक्ति को पकड़ लिया।

घटना के बाद पप्पू यादव ने कहा, “मेरे घर में घुसकर हमला किया गया। क्या अब लोग हमसे मिलने भी नहीं आ सकते? वह चाकू लेकर मुझे मारने आया था।”

हत्या की साजिश थी लेकिन बच गए
सांसद ने दावा किया कि यह उनकी हत्या की साजिश थी, लेकिन वह सुरक्षित बच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग लगातार उन्हें धमकियां दे रहे थे और उन्हें नुकसान पहुंचाने की बात कह रहे थे।

पप्पू यादव ने कहा कि उन्होंने पहले भी कई एफआईआर दर्ज कराई हैं और इस मामले में भी आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। उन्होंने कहा, “मैं डरने वाला नहीं हूं। अगर कोई मुझे मारना चाहता है तो मार दे।”

बड़ी वारदात होने का जताया संदेह
वहीं, पप्पू यादव के एक समर्थक ने दावा किया कि हमलावर ने पीछे से चाकू निकालने की कोशिश की थी। समर्थक के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे पकड़कर काबू में कर लिया। उनका कहना है कि यदि समय रहते आरोपी को नहीं रोका जाता, तो बड़ी घटना हो सकती थी।फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है। घटना से जुड़े आरोपों और हमले की परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।