#प्रदेश

Bankipur By-Election Result: बांकीपुर में प्रशांत किशोर की ऐतिहासिक जीत, बीजेपी से छीनी सबसे चर्चित सीट

Advertisement Carousel

 

पटना। बिहार की राजनीति के लिए बड़ा संदेश देने वाले बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शानदार जीत दर्ज कर ली है। 28वें राउंड की मतगणना के बाद ही उनकी बढ़त निर्णायक हो गई और अब वे बांकीपुर के नए विधायक बन गए हैं। इस जीत के साथ ही बीजेपी के मजबूत गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर में पहली बार जन सुराज ने बड़ी राजनीतिक कामयाबी हासिल की है।

प्रशांत किशोर ने 28वें राउंड तक 59,213 वोट हासिल किए, जबकि बीजेपी उम्मीदवार नीरज सिन्हा को 39,794 वोट मिले। दोनों के बीच 19,419 वोटों का अंतर रहा। मतगणना के केवल तीन राउंड शेष रहने के कारण यह बढ़त अपराजेय मानी गई।

बीजेपी का गढ़ ढहा, नितिन नबीन की सीट पर मिली हार

बांकीपुर सीट बीजेपी के लिए बेहद प्रतिष्ठित मानी जाती रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हुई थी, जिस पर उपचुनाव कराया गया। नितिन नबीन इससे पहले लगातार पांच बार इस सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके थे। ऐसे में इस सीट पर मिली हार बीजेपी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका मानी जा रही है।

28वें राउंड तक वोटों का हाल
जन सुराज: प्रशांत किशोर – 59,213 वोट
भाजपा: नीरज सिन्हा – 39,794 वोट
राजद: रेखा गुप्ता – 13,260 वोट

इस उपचुनाव में कुल 25 उम्मीदवार मैदान में थे। चुनाव से पहले जन सुराज, बीजेपी और राजद के बीच त्रिकोणीय मुकाबले की चर्चा थी, लेकिन नतीजों ने मुकाबले को लगभग जन सुराज और बीजेपी के बीच सीधी टक्कर साबित कर दिया। राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता तीसरे स्थान पर रहीं।

बीजेपी के दावे पर भारी पड़े प्रशांत किशोर

बांकीपुर में जीत के साथ प्रशांत किशोर ने बीजेपी के उस दावे को भी चुनौती दी, जिसमें चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा था कि बांकीपुर से “कुत्ते-बिल्ली को भी टिकट दे दिया जाए तो बीजेपी ही जीतेगी।” प्रशांत किशोर ने इस बयान को चुनावी मुद्दा बनाया था और अब परिणाम को अपने पक्ष में जनता का जवाब बताया जा रहा है।

जीत के बाद जश्न का माहौल

प्रशांत किशोर की जीत के बाद पटना स्थित जन सुराज कार्यालय और शहर के कई इलाकों में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। समर्थकों ने पीला गुलाल उड़ाया, मिठाइयां बांटी और ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए खुशी का इजहार किया। इस दौरान “बांकीपुर का बेटा कैसा हो, प्रशांत किशोर जैसा हो” के नारे भी गूंजते रहे।

पत्नी डॉ. जाह्नवी दास ने जताया आभार

प्रशांत किशोर की बढ़त के बाद उनकी पत्नी डॉ. जाह्नवी दास ने बांकीपुर की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस जीत के लिए प्रशांत किशोर ने लगातार कड़ी मेहनत की और जनता ने उन पर भरोसा जताया। डॉ. जाह्नवी दास पेशे से डॉक्टर हैं और असम के गुवाहाटी की रहने वाली हैं।