#प्रदेश

धमतरी में कॉमन करैत के डसने से युवक की मौत, सोते समय बिस्तर में छिपे सांप ने बनाया शिकार

Advertisement Carousel

 

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कॉमन करैत के डसने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। परेवाडीह गांव में रविवार रात सो रहे विक्रम साहू को बिस्तर में छिपे करैत ने डस लिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई, जिससे गांव में दहशत का माहौल है।

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में स्नेक बाइट की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। ताजा मामला परेवाडीह गांव का है, जहां कॉमन करैत के डसने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में भय और शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान परेवाडीह निवासी विक्रम साहू के रूप में हुई है, जो दिव्यांग थे। रविवार की रात वह अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान बिस्तर में छिपे कॉमन करैत ने उन्हें डस लिया। करैत के काटने का उन्हें तत्काल अहसास नहीं हुआ, जिससे इलाज में देरी हो गई।

सुबह तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

करैत का जहर क्यों है खतरनाक?

विशेषज्ञों के अनुसार, कॉमन करैत का जहर न्यूरोटॉक्सिक होता है, जो सीधे शरीर के नर्वस सिस्टम पर असर डालता है। इसकी सबसे खतरनाक बात यह है कि कई बार इसके काटने का दर्द या निशान तुरंत महसूस नहीं होता। समय पर इलाज और एंटी-स्नेक वेनम नहीं मिलने पर यह जानलेवा साबित हो सकता है।

घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बरसात के मौसम में घरों और बिस्तरों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।