Durg News: महिला कर्मचारी की सैलरी से बेटे के खाते में ट्रांसफर कराए डेढ़ लाख रुपये, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलसचिव गिरफ्तार

दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के कुलसचिव भूपेन्द्र कुमार कुलदीप को महिला कर्मचारी की सैलरी में कथित हेराफेरी और पद के दुरुपयोग के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने अपनी ही यूनिवर्सिटी में कार्यरत एक दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी पर दबाव बनाकर उसकी सैलरी का बड़ा हिस्सा हर महीने अपने बेटे के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कराया। मामले की जांच में 1 लाख 49 हजार 384 रुपये के कथित गबन की पुष्टि होने के बाद मोहन नगर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज किया। हालांकि गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने से ही जमानत मिल गई।
महिला कर्मचारी की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को महिला कर्मचारी शुभांगी मराठे की शिकायत और विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर मोहन नगर थाने में मामला दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि शुभांगी मराठे विश्वविद्यालय में अर्धकुशल दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। इसके अलावा वह कुलसचिव के सरकारी आवास पर खाना बनाने का काम भी करती थीं।
हर महीने वेतन का बड़ा हिस्सा बेटे के खाते में कराया ट्रांसफर
आरोप है कि महिला कर्मचारी को शासन की ओर से हर महीने 11,515 रुपये वेतन मिलता था, लेकिन कुलसचिव उन्हें केवल 2,200 रुपये नकद देते थे। शेष राशि डिजिटल भुगतान के माध्यम से उनके बेटे उदय कुलदीप के बैंक खाते में ट्रांसफर कराई जाती थी।
पुलिस जांच के अनुसार यह सिलसिला 6 फरवरी 2025 से 4 जुलाई 2026 तक चलता रहा। इस अवधि में कुल 1,49,384 रुपये बेटे के खाते में ट्रांसफर किए गए।
बैंक रिकॉर्ड और UPI ट्रांजेक्शन से हुआ खुलासा
विश्वविद्यालय की जांच समिति ने बैंक खातों, यूपीआई ट्रांजेक्शन और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच की। रिपोर्ट में यह सामने आया कि आरोपी ने अपने प्रशासनिक पद का कथित दुरुपयोग करते हुए अधीनस्थ कर्मचारी पर दबाव बनाया और उसकी सैलरी का बड़ा हिस्सा अपने बेटे के खाते में ट्रांसफर कराया।
कुलपति की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
बताया गया है कि महिला कर्मचारी ने पहले विश्वविद्यालय के कुलपति से शिकायत की थी। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने दुर्ग पुलिस अधीक्षक को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा। मामले को अमानत में खयानत और पद के दुरुपयोग से जुड़ा मानते हुए मोहन नगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कुलसचिव को गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी।





