Greater Noida Fire: इलेक्ट्रॉनिक चिप फैक्ट्री में भीषण आग, दीवार गिरने से 2 फायरकर्मियों की मौत, 3 घायल

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित आईएलजीआईएम (ILGIM) कंपनी में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली इस फैक्ट्री में आग बुझाने के दौरान कंपनी की दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में दो फायरकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
आग बुझाने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
पुलिस के अनुसार सोमवार देर रात आईएलजीआईएम कंपनी में आग लगने की सूचना मिलते ही ईकोटेक-3 थाना पुलिस और फायर सर्विस की कई टीमें दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे थे, तभी कंपनी की एक साइड की दीवार और लोहे का बीम अचानक ढह गया।
मलबे की चपेट में फायर सर्विस के पांच कर्मचारी आ गए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
दो फायरकर्मियों की मौत, तीन का इलाज जारी
हादसे में घायल सभी कर्मचारियों को तत्काल मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार और फायरमैन अमित कुमार का उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
एसडीआरएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सर्च ऑपरेशन चलाया।
आग पर पाया गया काबू, जांच शुरू
फायर ब्रिगेड की टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दोनों मृत फायरकर्मियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





