#प्रदेश

Azamgarh Tanker Fire: डीजल टैंकर में भीषण आग, जिंदा जल गए 3 लोग, कई घंटे बाद बुझी लपटें

Advertisement Carousel

 

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में डीजल से भरे टैंकर में भीषण आग लगने से तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मालटारी-मिर्जापुर स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास हुआ। आग इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोग चाहकर भी टैंकर के पास नहीं पहुंच सके।

बिजली के पोल से टकराया टैंकर, फिर हुआ जोरदार धमाका

जानकारी के अनुसार, टैंकर गोरखपुर से डीजल लेकर बिलरियागंज थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था। इसी दौरान मालटारी-मिर्जापुर के पास टैंकर अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल पर लगा ट्रांसफार्मर नीचे गिर गया और कुछ ही क्षण बाद तेज धमाके के साथ टैंकर में आग लग गई।

देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों ने पूरे टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोग केवल दूर से घटना देखते रहे, क्योंकि आग की तीव्रता के कारण कोई भी पास नहीं जा सका।

छह दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए छह दमकल वाहनों को लगाया गया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक टैंकर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।

तीन लोगों की मौत, एक की पहचान हुई

इस भीषण हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में मेहनगर थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव निवासी 26 वर्षीय प्रदीप कुमार की पहचान हो गई है। अन्य दो शवों की पहचान कराने का प्रयास पुलिस कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की पहचान और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी।