#मनोरंजन

Bigg Boss 20: ‘करण-अर्जुन’ वाला हिंट बना चर्चा का विषय, क्या इस बार शाहरुख-सलमान साथ आएंगे? जानिए 5 बड़े ट्विस्ट

Advertisement Carousel

 

मुंबई .सलमान खान के सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ का आगाज अब ठीक एक महीने बाद 6 सितंबर से होने जा रहा है। हाल ही में रिलीज हुए टीजर में सलमान खान का एक डायलॉग—”जो ‘करण-अर्जुन’ में हुआ था, वो अब दोबारा होगा…”—सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। अब इस डायलॉग को लेकर शो की थीम और बड़े सरप्राइज को लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं।

‘रीबर्थ’ यानी पुनर्जन्म हो सकती है इस सीजन की थीम

सूत्रों के मुताबिक, इस बार मेकर्स ‘रीबर्थ’ (पुनर्जन्म) थीम पर पूरा सीजन डिजाइन कर रहे हैं। माना जा रहा है कि इसी वजह से टीजर में ‘करण-अर्जुन’ का जिक्र किया गया। हालांकि, शो के मेकर्स की ओर से इस थीम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

शाहरुख-सलमान की हो सकती है ग्रैंड एंट्री

खबर है कि मेकर्स एक स्पेशल एपिसोड में शाहरुख खान और सलमान खान को एक बार फिर एक मंच पर लाने की कोशिश कर रहे हैं। अगर ऐसा होता है तो वर्षों बाद दोनों सुपरस्टार ‘बिग बॉस’ के मंच पर साथ दिखाई देंगे। चर्चा यह भी है कि इसी दौरान शाहरुख की आगामी फिल्म ‘किंग’ से जुड़ा बड़ा ऐलान किया जा सकता है। फिलहाल इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुराने कंटेस्टेंट्स को मिलेगा दूसरा मौका

इस बार शो में उन चर्चित पूर्व कंटेस्टेंट्स की वापसी कराई जा सकती है, जो अपने सीजन में सुर्खियों में रहे लेकिन ट्रॉफी जीतने से चूक गए। मेकर्स उन्हें ‘सेकेंड चांस’ देने की तैयारी में हैं।

नेहा कक्कड़ और यूसुफ पठान के नाम चर्चा में

सूत्रों के अनुसार, संभावित कंटेस्टेंट्स की सूची में सिंगर नेहा कक्कड़ और पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान के नाम भी सामने आए हैं। हालांकि, दोनों की एंट्री को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

दो गुटों में बंट सकता है बिग बॉस का घर

बताया जा रहा है कि इस बार शुरुआत से ही कंटेस्टेंट्स को दो बड़े ग्रुप में बांटा जा सकता है। इससे पहले ही सप्ताह से रणनीति, गठजोड़ और टकराव देखने को मिल सकता है।

पुराने टास्क और यादगार पल भी लौट सकते हैं

मेकर्स इस सीजन में पुराने लोकप्रिय टास्क और यादगार मोमेंट्स को नए अंदाज में वापस लाने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि दर्शकों को नॉस्टैल्जिया और नए ट्विस्ट का मिश्रण देखने को मिले।

100 दिन चलेगा शो

जानकारी के मुताबिक, ‘बिग बॉस 20’ करीब 100 दिनों तक चलेगा और इसका ग्रैंड फिनाले दिसंबर के आखिरी सप्ताह में आयोजित किया जा सकता है। कंटेस्टेंट्स के नाम हमेशा की तरह प्रीमियर से कुछ दिन पहले तक गोपनीय रखे जाएंगे।