#प्रदेश

वन महोत्सव-2026 की शुरुआत: CM विष्णुदेव साय ने मां के नाम लगाया पीपल का पौधा, ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान लॉन्च

Advertisement Carousel

 

रायपुर: छत्तीसगढ़ में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को बड़ा संदेश दिया। वन महोत्सव-2026 के शुभारंभ अवसर पर उन्होंने अपनी मां के नाम पर पीपल का पौधा लगाकर प्रदेशव्यापी ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान की शुरुआत की। नया रायपुर में आयोजित इस विशेष वृक्षारोपण अभियान के तहत करीब 15 एकड़ क्षेत्र में 2500 से अधिक पीपल के पौधे लगाए गए।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि पेड़ लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने लोगों से अपने घर, खेत, विद्यालय और कार्यस्थल के आसपास कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में पीपल का विशेष महत्व है। यह केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि पर्यावरण और जैव विविधता के संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान आज देशभर में जनभागीदारी का बड़ा अभियान बन चुका है। छत्तीसगढ़ में भी इसे व्यापक समर्थन मिला है। पिछले दो वर्षों में प्रदेश में 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि इस वर्ष ढाई करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है।

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान सिर्फ पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ, हरित और स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने बताया कि वन विभाग ने पिछले दो वर्षों में करीब 7.5 करोड़ पौधों का रोपण किया है और लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने के साथ एक पौधा लगाने की भी अपील की।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल सहित कई मंत्री, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। सभी ने वृक्षारोपण के साथ पौधों के संरक्षण का भी सामूहिक संकल्प लिया।