सक्ती के एकलव्य छात्रावास में दर्दनाक घटना: बाथरूम में फंदे से लटका मिला 9वीं का छात्र, जांच में जुटी पुलिस

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जिले के एकलव्य आदर्श बालक छात्रावास, पलाड़ी खुर्द में कक्षा 9वीं के एक छात्र का शव छात्रावास के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद छात्रावास में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक छात्र की पहचान उमेश कंवर के रूप में हुई है, जो ग्राम बासिन का रहने वाला था और एकलव्य आदर्श बालक छात्रावास में रहकर कक्षा 9वीं की पढ़ाई कर रहा था।
सुबह बाथरूम में मिला शव
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह जब अन्य छात्र बाथरूम पहुंचे तो उमेश को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही छात्रावास प्रबंधन ने उसे तत्काल सक्ती जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का फूटा गुस्सा
घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और उन्होंने छात्रावास प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए। परिजनों का आरोप है कि छात्रावास की समस्याओं को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं और इस संबंध में वे कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचे थे, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस छात्रावास प्रबंधन, छात्रों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।




